भाजपा कार्यालय घेराव को लेकर कांग्रेस का जोरदार कार्यक्रम संपन्न

बलरामपुर। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा कांग्रेस नेतृत्व के विरुद्ध की जा रही कथित दुर्भावनापूर्ण एवं गैरकानूनी कार्यवाहियों के विरोध में तथा माननीय न्यायालय के निर्णय के पश्चात उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को जनपद बलरामपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा जोरदार विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिनांक 18 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे अंबेडकर तिराहा, बलरामपुर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के समस्त फ्रंटल संगठनों के जिला अध्यक्षगण, ब्लॉक अध्यक्षगण, वरिष्ठ नेतागण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा कार्यालय घेराव को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्याय, तानाशाही और लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ हमेशा सड़क से संसद तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस न झुकी है और न झुकेगी। यह लड़ाई संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा की है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मारकंडे मिश्र ने कहा कि न्यायालय के निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित थी और सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। कार्यक्रम के अंत में “जय कांग्रेस” एवं “जय संविधान” के नारों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन संपन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख रूप से उमाशंकर तिवारी, विश्वनाथ यादव, अफरोज खान, आसिफ खान, केदारनाथ दुबे, इजहार हुसैन, अमेरिका कुरील, डॉक्टर खलीलुल्लाह, सुशील शुक्ला सहित आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




