पंकज चौधरी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर डुमरियागंज में जश्न, कार्यकर्ताओं ने दी भव्य बधाई

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर रविवार को उत्सव का माहौल देखने को मिला। महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के शुभ अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षाेल्लास के साथ बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश के क्रम में जिला महामंत्री मधुसूदन अग्रहरि, चेयरमैन भारतभारी चंद्रप्रकाश वर्मा, बढ़नीचाफ़ा धर्मराज, मण्डल अध्यक्ष अमरेंद्र त्रिपाठी सहित भारी संख्या में भाजपाई एकत्रित हुए और गाजे-बाजे, पटाखों और मिठाइयों के वितरण के साथ खुशी का इजहार किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस अवसर को यादगार बनाया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पंकज चौधरी के सशक्त नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और दूरदर्शी मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी तथा संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा। कार्यकर्ताओं ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए प्रदेश में पार्टी को और सशक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया। इस दौरान संजय मिश्रा, प्रेम पाण्डेय धर्मेश पाण्डेय, अवधेश चौधरी, विनय पाठक, राजकुमार चौधरी, अजय अग्रहरि, मेवालाल चौधरी, अभिषेक त्रिपाठी, गुड्डू तिवारी, उमाशंकर, रामचन्द्र यादव, राजेश शर्मा, कन्हैया गुप्ता, राजू कन्नौजिया, अमन गौड़, श्यामलाल आदि मौजूद रहे।




