साइकिल यात्रा निकाल हिन्दू सम्मेलन को लेकर किया जागरूक

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) शोहरतगढ़ खण्ड के टेकनार मण्डल की ओर से सोमवार को चिल्हियां क्षेत्र में साइकिल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा टेकनार मण्डल में सम्पन्न होने वाले हिन्दू सम्मेलन से पहले समुदाय को जागरूक करने के लिए निकाली गई। जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए समुदाय को राष्ट्रवाद का सन्देश दिया। दरअसल, आरएसएस के शताब्दी वर्ष में पूरे वर्ष अलग-अलग कार्यक्रम होना है। पहले चरण में जगह-जगह पथ संचलन कार्यक्रम व दूसरे चरण में घर-घर गृह सम्पर्क अभियान सम्पन्न हो गया है। तीसरे चरण में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित होना है। यह कार्यक्रम दिसम्बर माह में सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम को लेकर समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने के लिए सोमवार को टेकनार मण्डल के चिल्हियां क्षेत्र में साइकिल यात्रा निकाली गई। यह साइकिल यात्रा भगत सिंह चौक से निकलकर स्टेट बैंक, गौरा मार्ग, पल्टादेवी मार्ग, वापस स्टेट बैंक, साधन सहकारी समिति होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान संघ गीत के जरिए समुदाय को राष्ट्रवाद का सन्देश दिया गया। इसमें स्वयंसेवकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान जिला प्रचारक विशाल ने कहा कि हिन्दू समुदाय अभी भी सोया है। इसे जगाने की जरूरत है। शताब्दी वर्ष में अलग-अलग कार्यक्रम के जरिए स्वयंसेवक प्रत्येक हिन्दू घरों पर पहुंचकर सोये हुए समाज को जगाने का प्रयत्न कर रहा है। इसमें सभी को प्रयास करने की जरूरत है। सांस्कृतिक मूल्यों, धरोहरों, विरासत को सहेजने के लिए हर हिन्दू को तन व मन से जगना होगा, तभी परम वैभव के शिखर पर मां भारती पुनरू आसानी होंगी। इस दौरान पंकज श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, शनि मद्धेशिया, राहुल वर्मा, राजन सिंह, राघव मद्धेशिया, सन्तोष चौधरी, हरिश्चन्द्र सिंह, अरुणेश विश्वकर्मा आदि मौजूद रहें।




