इण्डो-नेपाल बॉर्डर पर फिर उड़े ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, ग्रामीणों में हड़कम्प

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। इण्डो-नेपाल बार्डर बढ़नी से सटे कस्बा बढ़नी क्षेत्र में सोमवार की रात आसमान में कई ड्रोन देखे जाने से हड़कम्प मच गया। एक-दो नहीं, बल्कि कई जगहों पर ड्रोन देखने को मिले। इससे जहां सुरक्षा एजेंसी अलर्ट हो गई, वहीं दूसरी ओर सीमावर्ती ग्रामीणों के लोग दहशत में आ गयें। हालांकि कुछ यह पता नहीं चल पाया ड्रोन किसने और क्यों उड़ाया था। इस मामले में सुरक्षा एजेंसियां पड़ताल में लगीं हैं। थाना क्षेत्र ढेबरुआ के अन्तर्गत आने वाले बढ़नी, सेवरा, गजेहड़ी उर्फ मधवानगर और दुधवनिया बुजुर्ग जैसे गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने एक साथ उड़ते हुए इन ड्रोनों को देखा। लोगों ने बताया कि इस दौरान उनके मोबाइल फोन ने काम करना बंद कर दिया था, जिससे उनमें दहशत फैल गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में नेपाल के रास्ते तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के पकड़े जाने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद से ही सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। बावजूद इसके सीमावर्ती गांवों में एक साथ कई ड्रोन का दिखना सुरक्षा के लिहाज से गम्भीर है। मामला चोरियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कारण जनपद में हाल ही में कई घरों में हुई भीषण चोरियों ने भी लोगों की चिन्ता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग इन चोरों को काफी शातिर और पेशेवर मान रहे हैं। कुछ लोग इन घटनाओं को ड्रोनों के दिखने से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस तरह की गतिविधियां न केवल स्थानीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इन घटनाओं पर त्वरित संज्ञान लेना और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना अत्यन्त आवश्यक है।




