कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी एवं एग्रो क्लाइमेटिक जोनल मेले का हुआ आयोजन

गोन्डा। गोन्डा जनपद के टाउन हॉल में कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी एवं एग्रो क्लाइमेटिक जोनल मेले का आयोजन किया गया।जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र द्वारा किया गया। डीएम ने अपने उद्बोधन में किसानों का आह्वान किया कि वे रासायनिक उर्वरकों पर अपनी निर्भरता कम करते हुए जैविक खादों के प्रयोग की तरफ उन्मुख हों। उन्होंने कृषि विशेषज्ञों के द्वारा बताई जाने वाली उत्पादन तकनीक अपनाने के लिए भी कृषकों को प्रेरित किया।उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने समस्त प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद में फसलवार आच्छादन की प्रगति और बीजों की उपलब्धता के साथ ही साथ विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के विषय में भी जानकारी दी।जिला उद्यान अधिकारी सुश्री रश्मि शर्मा एवं जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के विषय में कृषकों को जानकारी उपलब्ध कराई।जिला कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रबी फसलों के उत्पादन के संबंध में विभाग द्वारा अपनाई जा रही रणनीति के विषय में कृषकों को जानकारी दी।कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर एस के वर्मा ने कृषि विविधीकरण के विषय में कृषकों को अवगत कराया।कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वैज्ञानिक डॉक्टर हनुमान प्रसाद पांडे ने रबी फसलों के उत्पादन तकनीक के विषय में कृषकों को जानकारी दी।कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम के वैज्ञानिक इंजी. मिथिलेश कुमार झा ने कृषि यंत्रीकरण और प्राकृतिक खेती के विषय में कृषकों को जानकारी प्रदान की। प्रगतिशील कृषक अनिल चंद्र पांडे ने अपने अनुभवों को कृषकों के मध्य साझा किया। कार्यक्रम के अंत में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी श्री शिव शंकर चौधरी द्वारा सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक आरपीएन सिंह ने किया।कार्यक्रम में उपनिदेशक रेशम आर एन मल्ल,डिप्टी आरएमओ नृपंजय कुमार पाठक,अग्रणी जिला प्रबंधक एवं अन्य अनुषांगिक विभागों के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।




