बेखौफ नशा माफियाओं का बोलबाला,नजरअंदज करने का आबकारी विभाग व पुलिस पर लगा रहा आरोप

गोन्डा। गोण्डा जनपद के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में अवैध नशा पदार्थों का नेटवर्क फलफूल रहा है। नशा माफिया बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं और क्षेत्र में नशे की सप्लाई अब कुटीर उद्योग की तरह संचालित हो रही है।स्थानीय चर्चा है कि आबकारी विभाग व पुलिस की मिलीभगत और प्रशासन की लापरवाही के चलते ये अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है। लोगों की मानें तो कई स्थानों पर खुलेआम गांजा बेचा जा रहा है,जबकि सोशल मीडिया पर इस अवैध गतिविधि से जुड़े वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं।इसके बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।लोगों में चर्चा है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई केवल काग़ज़ों में दिखाई देती है,धरातल पर नहीं।कटरा बाजार की सड़कों से लेकर गलियों तक,नशा माफियाओं पर शासन-प्रशासन का कोई खौफ नहीं दिखता।स्थिति यह है कि अवैध गांजा बेचने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेझिझक व्यापार कर रहे हैं।नशे की गिरफ्त में आ रही युवा पीढ़ी बर्बादी के रास्ते पर धकेली जा रही है। स्थानीय नागरिकों, और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस नेटवर्क पर नकेल नहीं कसी गई तो आने वाले दिनों में क्षेत्र पूरी तरह से नशे की चपेट में आ जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन जागेगा या मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा।स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल खबर वायरल विडियो की पुष्टि नहीं करता,जांच का विषय है।




