जिले में अवैध खाद की तस्करी जोरों पर, वीडियो सोशल मीडिया हो रहा वायरल

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में नेपाल सीमा से सटे इलाकों में अवैध तरीके से खाद की तस्करी लगातार जारी है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल विडियो बीते कल का बताया जा रहा है। जिसमें कुछ तस्कर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के जरिये बड़ी मात्रा में खाद नेपाल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चिउरहिया और करमैनी गांव के बीच बने चकरोड का है, जहां से होकर तस्कर खाद को चोरी-छिपे नेपाल पहुंचा रहे हैं। वहीं स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक इस रास्ते से लम्बे समय से खाद की अवैध तस्करी की जा रही है, लेकिन कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। ग्रामीणों में आक्रोश है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो खाद की कालाबाजारी और तस्करी से क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है और जांच की बात कही जा रही है।




