महाकुंभ से लौट रहे तीन नेपालियों की कार हादसे में मौत

कपिलवस्तु। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ से लौट रहे नेपालियों की कार हादसे का शिकार हो गई। भैरहवा रूपनदेही के देवदह से मेले में स्नान करने गए श्रद्धालुओं में से तीन नेपालियों की हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक पति-पत्नी गणेश खनाल (45) दीपा खनाल (35) और गीता शर्मा (40) हैं। महाकुंभ में स्नान करके लौटते समय आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर डिवाइडर से वाहन टकरा गया। इसमें सवार ड्राइवर सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में देवदह वार्ड नंबर नौ भलुही निवासी कोपिला पोखरेल उन्हीका पुत्र शुभम पोखरेल, आविस्कार पराजुली, यमकला देवी मग़र और गाड़ी चालक रितेश दुबे शामिल हैं। फिलहाल उनका इलाज गोरखपुर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का अनुमान लगाया है कि दुर्घटना में ड्राइवर को झपकी आ गई और यह हादसा हो गया। दुर्घटना में शामिल वाहन भारतीय है। जिला पुलिस कार्यालय रुपनदेही के एसपी रनजीत सिंह राठौर ने तीनों मृतकों की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है।




