पराली जलाते दो व्यक्तियों पर घुघली पुलिस की कार्रवाई

महराजगंज। पर्यावरण संरक्षण एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण के तहत पराली जलाने पर रोक को लेकर जिले में पुलिस एवं प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में घुघली पुलिस ने ग्राम पोखरभिण्डा में पराली जलाते दो व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई। जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को थाना घुघली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोखरभिण्डा में दो व्यक्तियों को खेत में पराली जलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने पर्यावरण को हानि पहुँचाने वाली इस गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीब अली पुत्र स्वर्गीय शमशेर तथा इसहाक अली पुत्र हबीब अली, दोनों निवासी ग्राम पोखरभिण्डा, थाना घुघली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। गिरफ्तारी 26 नवंबर को मौके पर की गई।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार गिरि एवं कॉन्स्टेबल रजत प्रजापति शामिल रहे। टीम ने मौके से पराली जलाने की पुष्टि करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।थाना प्रभारी ने बताया कि पराली जलाना न केवल प्रदूषण फैलाने वाला कार्य है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि पराली न जलाएं, बल्कि इसे उपयोगी जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करें या अन्य वैकल्पिक उपाय अपनाएं।




