स्वतन्त्र भारत की नींव मजबूत विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैज्ञानिक सोच पर रखी -काजी सुहेल अहमद

सिद्धार्थनगर। जिला कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयन्ती बड़ी श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि नेहरू जी के द्वारा दिखाये गये मार्ग राष्ट्रीय एकता, धर्मनिरपेक्षता, समानता, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी लगातार कार्य करती रहेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी वह महापुरुष थे, जिन्होंने स्वतन्त्र भारत की नींव मजबूत विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैज्ञानिक सोच पर रखी। आज उनकी जयन्ती पर हम सभी उनके आदर्शों को नमन करते हुए यह संकल्प लेते हैं कि देश में भाईचारे, समान अवसर और विकास की भावना को आगे बढ़ाते रहेंगे। आज उनकी जयन्ती पर हम सब यह संकल्प लेते हैं कि कांग्रेस पार्टी उनके आदर्शों के अनुरूप जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाती रहेगी। नेहरू जी को हमारी विनम्र श्रद्धांजलि। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह एवं अनिल सिंह अन्नू ने कहा कि नेहरू जी का व्यक्तित्व केवल एक राजनेता का नहीं था, बल्कि एक दूरदर्शी राष्ट्र-निर्माता का था। बच्चों के प्रति उनका प्रेम, युवाओं से उनकी अपेक्षाएं और लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है। इस अवसर पर अकील अहमद मुन्नू, गंगेश्वर राय, सादिक अहमद, हृषिकेश मिश्रा, इश्तियाक चौधरी, रियाज मनिहार, होरी लाल श्रीवास्तव, डॉ0 प्रमोद कुमार, सन्तोष चौधरी, शौकत अली, अंकित शर्मा, अवध बिहारी, सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।




