घोंघी नदीमें पानी में तैरता दिखा व्यक्ति का शव

लोटन/सिद्धार्थनगर। लोटन क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे ग्राम बड़हरा के छठ घाट (घोंघी नदी) पर ग्रामीणों द्वारा एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस व फील्ड यूनिट मौके पर पहुँची। शव की शिनाख्त मुरारी यादव, उम्र 48 वर्ष, पुत्र संतराम यादव, निवासी ग्राम बड़हरा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, मृतक कल दिनांक 11 नवंबर 2025 को अपराह्न 4 बजे भैंस चराने गए थे तथा वापस नहीं लौटे। लापता होने की कोई औपचारिक सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। मृतक के पुत्र ने पुलिस को बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की भांति शौच के बाद नदी में पानी छूने गए होंगे और संभवतः पैर फिसल जाने से पानी में गिरकर डूब गए। प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना (हादसा) प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।




