मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण हेतु महिलाओं व बालिकाओं को किया जा रहा जागरूक

श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम एवं क्षेत्राधिकारीगण के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद श्रावस्ती में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों व शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा विद्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। चौपालों के माध्यम से महिला संबंधी समस्याओं के निस्तारण और अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 — के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराधों और कानूनी प्रावधानों पर सार्थक चर्चा की गई तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पम्पलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक किया गया।




