ओवरलोडिंग कर सड़क पर चलने वाले वाहन बन रहे आम जनों के लिए मुसीबत

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। ओवरलोडिंग करके चार पहिया वाहन सड़क पर खुलेआम फर्राटा भर रहे हैं लेकिन शासन प्रशासन का कोई भी डर इन ओवरलोडिंग करके चलने वाले चार पहिया वाहनों के ड्राइवर और मालिक में बिल्कुल नहीं है। शासन प्रशासन भी कहीं ना कहीं उदासीन रवैया अपना रहा है जिस कारण से यह लोग ओवरलोडिंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ओवरलोडिंग कर चलने वाले वाहनों का अचानक संतुलन बिगड़ जाता है जिससे कहीं-कहीं बड़ी-बड़ी घटनाएं घटित हो जाती हैं और जन हानि भी होती है। ओवरलोडिंग करके चलने वाले वाहन बहराइच जिले के अधिकतर क्षेत्र में फैले हुए हैं। ऐसा ही मामला बहराइच के भारत नेपाल सीमा पर स्थित कलकलवा तदबंध का है जहां पर एक भूसी लदी ओवरलोड पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गयी और बड़ा हादसा होते-होते बच गया। क्षेत्रीय ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी कई बार ओवरलोडिंग के चलते हादसे हो चुके हैं लेकिन कार्यवाही न होने के चलते वह लोडिंग करने वालों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। बहराइच जिले के अधिकतर क्षेत्रों में ओवरलोड वाहन लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं जिसके चलते लगातार हादसे बढ़ते जा रहे हैं। इस मामले पर ट्रैफिक अधिकारी ने बताया कि जल्दी एक अभियान चला कर ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ओवरलोडिंग कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ शासन प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे जिससे इन लोगों के मनोबल में गिरावट हो।

