डॉ. दावर हुसैन को इंजीनियरिंग में पीएचडी की मिली उपाधि

डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा हल्लौर निवासी डॉ. दावर हुसैन को इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि इंटिग्रल यूनिवर्सिटी द्वारा दीक्षांत समारोह में प्रदान की गई। जो परिजनों सहित गांववासियों के लिए हर्ष का विषय है। सोमवार को डॉ. दावर हुसैन ने बताया कि उक्त यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. मोनावर आलम के निर्देशन में शोध कार्य वेवलेट तथा नॉन-सबसैंपल्ड कॉनटूर्लेट ट्रांसफॉर्म को प्रिंसिपल कंपोनेंट एनालिसिस के साथ संयोजित कर एक प्रभावी इमेज डीनॉइजिंग फ्रेमवर्क विकसित करने पर केंद्रित विषय पर था। जो विभिन्न प्रकार के शोर को कम करते हुए चित्रों की संरचनात्मक बारीकियों और किनारों को सुरक्षित रखती है। उनका शोध रीयल-टाइम और मेडिकल इमेजिंग अनुप्रयोगों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ है तथा भविष्य में डीप लर्निंग तकनीकों से इसे और सशक्त बनाया जा सकता है। डॉ. हुसैन की प्रारंभिक शिक्षा सेंट थॉमस स्कूल हल्लौर में हुई। उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा एमएआईसी कादिराबाद से पूरी किया। इसके बाद उन्होंने बी.टेक. की डिग्री आज़ाद इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ से और एम.टेक. की उपाधि इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से प्राप्त की है। उन्होंने पूर्व में अम्बालिका इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ में सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष तथा एल.आई.टी., लखनऊ में लेक्चरर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में डॉ. दावर हुसैन क्रिटेरियन टेक प्राइवेट लिमिटेड में फर्मवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं।उन्होंने सफलता का श्रेय ईश्वर के आर्शीवाद एवं पिता सरवर मेहदी रिज़वी, माता के त्याग व सहयोग सहित शिक्षकों के प्रेरणा बताई। ऐसी उपलब्धि ग्रामीण अंचलों के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। सफ़लता पर डा फखरूल हसन रिजवी,कम्बर मेहंदी, वजीहुल हसन, अम्बर मेहंदी, जाफर हुसैन, इरफान मेहंदी, गुलाम अली आदि ने हर्ष जताते हुए बधाई दी है।




