खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव आज से, मनाया जायेगा दो दिनों तक

बढनी/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी से सटे खाटू नरेश श्रीश्याम प्रभु का जन्मोत्सव आगामी 31 अक्टूबर को कृष्णानगर के मगनीराम धर्मशाला एवं 1 नवम्बर को लक्ष्मीनारायण मंदिर में भव्यता के साथ मनाया जायेगा। जन्मोत्सव में खाटू धाम की श्रुति शर्मा एवं गोंडा के गायक रोहित शर्मा श्याम बाबा को रिझाने आ रहे हैं। जन्मोत्सव को दिव्य स्वरूप देने में श्याम भक्त मण्डल, बढ़नी कृष्णानगर के पदाधिकारीगण पूरे उत्साह के साथ लगे हुए हैं। पड़ोसी कृष्णानगर, नेपाल स्थित घासीराम मगनीराम धर्मशाला में आगामी 31 अक्टूबर को शीश के दानी श्याम बाबा का जन्मोत्सव विगत की भांति मनाये जाने की तैयारी है। श्याम भक्त मण्डल बढ़नी, कृष्णानगर के अनुसार 31 अक्टूबर को सायं 7 बजे भव्य सजे दरबार में अलौकिक ज्योति जलायें जाने बाद खाटू बाबा श्याम को छप्पन भोग लगाया जायेगा। साढ़े 7 बजे से खाटू धाम की गायिका श्रुति शर्मा और गोंडा के गायक रोहित शर्मा के साथ सभी भक्त श्याम प्रभु को रिझायेंगे। उत्सव में पुष्प वर्षा की जायेगी तथा खाटू मंदिर से आए मोर छड़ी का झाड़ा भी लगेगा। मारवाड़ी सेवा समिति द्वारा भी उत्सव को निरन्तरता देते हुए इस 41वें वर्ष भी श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर, कृष्णानगर में जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाये जाने की तैयारी है। आगामी 01 नवम्बर, शनिवार को श्याम प्रभु के दरबार तथा मंदिर को अलौकिक रूप से सजाया जायेगा। उत्सव का शुभारम्भ सायं 7 बजे से पावन अखण्ड ज्योति प्रज्वलन के साथ होगा, तदुपरान्त बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जायेगा, उसी के साथ दर्शन, पूजन करने का क्रम शुरू हो जायेगा। सायं साढ़े 7 बजे से बाबा के दरबार में पुष्प वर्षा करके भजन संध्या का कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें कोलकाता के नितेश, चण्डीगढ़ के गुरप्रीत धारीवाल, रेवाड़ी के उमेश राज भजन गंगा का प्रवाह कर बाबा को रिझायेंगे। उक्त 41वें जन्मोत्सव को भव्यता के साथ सफल बनाने में श्याम भक्त माधव सिंघल, वत्सल गोयल, राघव मित्तल, शुभम तुलस्यान, विक्रम सिंघल, मनीष सिंघल, मनीष बाजोरिया, हिमांशु कंछल, अरविन्द कंछल, रामअवतार टिबड़ेवाल, दीपक खेतान, पंकज बाजोरिया, कमलेश अग्रवाल, ज्योत अग्रवाल समेत कई श्याम भक्त पूरी तन्मयता से लगे हुए हैं।




