‘सरदार पटेल अमर रहे’’ के गगन भेदी नारों के बीच आयोजित हुई रन फार यूनिटी़ दौड़

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच। स्वतंत्र भारत के वास्तुकार लौह पुरूष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस‘‘ जिले में धूम-धाम के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राज्यमंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग, उ.प्र. सरकार राकेश कुमार राठौर (गुरू जी) ने उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या, सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह अन्य पार्टी पदाधिकारियों गणमान्य व संभ्रान्तजनों, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र व अन्य अधिकारियों के साथ शहीद पार्क में स्थापित सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित अन्य प्रतिमाओं व शहीद स्तम्भ पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरान्त राज्यमंत्री राठौर के नेतृत्व में शहीद पार्क से इन्दिरा गांधी स्टेडियम तक आयोजित राष्ट्रीय एकता दौड़ (रन फार यूनिटी) में नवनियुक्त आरक्षी, एन.सी.सी. कैडेट, छात्र-छात्राओं, एन.एस.एस. कैडेट व पी.आर.डी. जवानों सहित बड़ी संख्या अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में आमजन द्वारा प्रतिभाग किया गया। रन फार यूनिटी शहीद पार्क से प्रारम्भ होकर डीएम चौराहा, पानी टंकी चौराहा होते हुए स्टेडियम में सम्पन्न हुई। इन्दिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने का साकार कर नये भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा महापुरूषों को सम्मान देते हुए उनके नाम से अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्री राठौर ने मौजूद लोगों का आहवान किया कि प्रधानमंत्री के विज़न 2027 हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव दें ताकि विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो सके। कार्यक्रम को महिला आयोग की मा. सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित करते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल के कृतित्व एवं व्यक्तिव पर प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने आये हुए अतिथियों का आभार ज्ञापित करते राष्ट्रीय एकता व अखण्डता के लिए पटेल द्वारा किये प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने किया। कार्यक्रम के अन्त में सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने मौजूद लोगों को आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया।




