देवरिया मोड़ बन रहा मौत का मोड़, आए दिन इस मोड़ पर हो रहे एक्सीडेंट

पयागपुर/बहराइच। पयागपुर थाना अंतर्गत पयागपुर इकौना रोड पर सेमरियावां के नजदीक देवरिया मोड़ का मामला है जहां पर कुछ दिनों पहले ग्राम सभा हसुवापारा के रहने वाले जगदेव पांडे अपनी पुत्री श्वेता उर्फ प्रगति पांडे को लेकर पयागपुर की तरफ जा रहे थे जब वह देवरिया मोड़ के पास पयागपुर इकौना रोड पर पहुंचे और पयागपुर की तरफ आगे बढ़े त्यों ही पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया था जिससे बाइक सवार पिता पुत्री नीचे गिर गए थे। इस टक्कर में पुत्री को गंभीर चोटें आई थीं और पिता को भी गम्भीर चोटे आई थी और उनका पैर भी फैक्चर हो गया था जिस कारण से वह ठीक ढंग से आज तक भी चल नहीं पा रहे हैं । वहीं ठीक 1 महीने के अंदर दूसरा एक्सीडेंट ठीक इसी स्थान पर हुआ जब पयागपुर के तरफ से मां और बेटा बाइक पर सवार होकर अकबरपुर इकौना छठ मनाने के लिए जा रहे थे तो जैसे ही देवरिया मोड़ के पास पहुंचे तो हसुवापारा गांव के तरफ से जा रहे व्यक्ति की बाइक पयागपुर इकौना रोड पर स्थित देवरिया मोड़ पर भीषण टक्कर हो गई जिसमें मां और बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार देकर लखनऊ रवाना कर दिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बेटे का हाथ बुरी तरीके से फ्रैक्चर हो गया था और हाथ की हड्डी बाहर निकल आई थी। इससे संबंधित मुकदमा पयागपुर थाने में दर्ज किया गया। टक्कर मारने वाले की पहचान हसुवापारा गांव निवासी जुमाके के पुत्र इब्राहिम उर्फ पुतल्लू के रूप में हुई है और घायल होने वालों में अक्षय त्रिपाठी और उनकी मां है। यहां पर सबसे बड़ी बात सोचने की यह है कि पयागपुर इकौना रोड पर सेमरियावां के नजदीक सड़क के पश्चिम पटरी पर कुछ लोगों ने दुकान रखकर मोड़ को अंधा मोड़ बना दिया है जिससे पयागपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को ना देख पाने के कारण लोग अकारण दुर्घटनाग्रस्त होते जा रहे हैं। दुकानदारों की हठ धर्मिता के कारण ऐसी घटनाएं होनी शुरू हो गई हैं क्योंकि दुकानदार सड़क के पश्चिम और दक्षिण पटरी पर से अपनी दुकान नहीं हटा रहे हैं जिससे सामने से आ रहे वाहन को बाइक सवार लोग नहीं देख पाते हैं और दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं। ग्रामीणों में चंद्र देव पांडे, पुंडरीक शुक्ला, जगदेव पांडे, राम छबीले तिवारी, सतीश तिवारी, पुत्तन पांडे सहित तमाम लोगों ने मांग किया है कि स्थानीय प्रशासन सड़क के पश्चिम पटरी पर स्थित दुकानों को हटवाने की कार्यवाही करे जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े और दुर्घटनाएं भी ना घटे।



