छठ महापर्व की तैयारियों का पूर्व विधायक ने लिया जायज़ा

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने राप्ती नदी तट स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के ईओ सचिन कुमार पटेल, सीओ बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, लिपिक सै. हसन ताकीब सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूर्व विधायक ने संबंधित को निर्देशित किया कि घाट की संपूर्ण सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, अस्थायी सीढ़ियों की व्यवस्था, कूड़ा उठान, चूने का छिड़काव, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था, तथा छठ स्थल की सजावट जैसे कार्य समय पर पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष छठ पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, इसलिए घाट के विस्तार की आवश्यकता है ताकि किसी को असुविधा न हो। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, वाहन पार्किंग स्थल बनाया जाए और मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए प्रभावी बैरिकेटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि छठ पर्व साधना, तप, त्याग, सदाचार, मन की पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक है। यह पर्व हमें निर्मलता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता की प्रेरणा देता है। उन्होंने जनपदवासियों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस मौके पर सीओ बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि छठ लोक और आस्था का महापर्व है, जिसे यहां बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। घाट पर हर साल भारी भीड़ जुटती है, इसलिए पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नदी की गहराई में न जाएं, सुरक्षा घेरे से आगे न बढ़ें, और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान लवकुश ओझा, महंथ मिश्रा, अर्पित द्विवेदी, विंदराज गिरि, विवेक श्रीवास्तव, कसीम, मोहम्मद हैदर रिजवी, तिहुल चौरसिया, अनिल चौरसिया, मिथुन चौरसिया, प्रिंस चौरसिया, अर्जुन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




