जिला कारागार सिद्धार्थनगर में भैयादूज त्योहार पर जेल में बन्द भाईयों से बहनों ने मिलकर दीर्घायु होने की कामना

सिद्धार्थनगर। जिला कारागार सिद्धार्थनगर में गुरुवार को भैयादूज का पर्व भावनात्मक वातावरण में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह अवसर बन्दी भाइयों और मिलने आई बहनों के लिए अत्यन्त हर्ष और सम्वेदना से भरा रहा। कुल 315 महिलाएं अपने बन्धक भाइयों से मिलने के लिए कारागार पहुंचीं, जहां प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित व्यवस्था के अन्तर्गत बहनों ने अपने भाइयों का तिलक कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कारागार प्रशासन ने इस अवसर पर पूरे परिसर को सादगीपूर्ण तरीके से सजाया था। बहनों के स्वागत हेतु जलपान, प्रतीक्षा स्थल और बैठक व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई थी। मुलाकात के समय का विस्तार किया गया ताकि सभी बहनें शान्ति और स्नेह पूर्वक अपने भाइयों से मिल सकें। महिला बैरक में भी भैयादूज का उत्सव पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। बंदिनी बहनों ने भगवान श्रीगणेश और यमराज की पूजा अर्चना कर परिवार के सभी सदस्यों के मंगल की कामना की। कारागार अधीक्षक सचिन वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भैयादूज प्रेम, अपनत्व और संस्कारों का प्रतीक है। यह पर्व हमें पारिवारिक भावनाओं को सहेजने और समाज में मानवीय सम्बन्धों की गरिमा को बनाये रखने की प्रेरणा देता है। आज यहां 315 बहनों का अपने भाइयों से मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रेम की डोर किसी दीवार से नहीं टूट सकती।” उन्होंने बताया कि ऐसे पर्व बन्दियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और भावनात्मक सन्तुलन लाते हैं। इससे उनके भीतर समाज से जुड़ने और सुधार की भावना प्रबल होती है। इस स्नेहिल अवसर पर जेलर रामसिंह यादव, डिप्टी जेलर महेश सिंह, डिप्टी जेलर अजीत चन्द तथा प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित समस्त कारागार स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने बहनों और भाइयों को शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरण किया।




