गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

पुलिस ने महिलाओं को दी कानूनी और सुरक्षा सम्बन्धी जानकारी

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र ढेबरूआ में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ढेबरुआ पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने मंगलवार को ग्राम ढकेहरी खुर्द में एक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। टीम ने पैम्फलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक किया। यह कार्यक्रम ढेबरुआ थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें नारी सुरक्षा और स्वावलम्बन के लिए प्रेरित किया। टीम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केन्द्र स्थापित किये गये हैं। जहां महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। पुलिस टीम ने कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, बाल सुरक्षा और नये कानूनों के बारें में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न का सामना करने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। मिशन शक्ति फेज 5.0 के अन्तर्गत प्रमुख हेल्पलाइन नम्बर भी साझा किये गये। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस इमरजेंसी सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस, 101 अग्निशमन, 14567 एल्डर हेल्पलाइन और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन शामिल हैं। टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और इन सुरक्षा सम्बन्धी जानकारियों को अन्य महिलाओं तक भी पहुंचायें। कार्यक्रम के अन्त में पुलिस टीम ने सभी को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मिशन शक्ति पुलिस टीम के सदस्यगण उपस्थित रहे। ग्राम की कई महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ पाती हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!