लोकप्रिय विधायक ने आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं को सम्मान सहित दिया दीवाली का उपहार

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा और उनकी पत्नी बबिता वर्मा ने गुरुवार को विकास खण्ड बढ़नी में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाओं को सम्मानित कर दीवाली का उपहार दिया। इस दौरान विधायक ने इन स्वास्थ्यकर्मियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को मां यशोदा जैसा बताया। आपको बता दें कि पहला कार्यक्रम पीएचसी बढ़नी में आयोजित हुआ, जिसमें 206 आशा बहुओं व स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मान सहित दीवाली का उपहार दिया गया। तत्पश्चात दूसरा कार्यक्रम ग्राम पंचायत परसा स्टेशन में हुआ, जिसमें विकास खण्ड बढ़नी की 388 आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं को सम्मानित कर दीवाली का उपहार दिया। इस अवसर पर गोदभराई की रस्म भी निभाई गई। विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा ने प्रतीक स्वरूप कुछ गर्भवती महिलाओं को दवाएं और पौष्टिक खाद्य सामग्री उपहार स्वरूप भेंट किया। इसके साथ ही कुछ बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया। वहीं इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री व आशा बहुओं की भूमिका मां यशोदा की तरह है, क्योंकि उन्हें मां यशोदा की तरह बच्चों का पालन-पोषण करना होता है। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं को सफल बनाने में इन कार्यकर्ताओं और बहुओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है और वह हमेशा उनके हितों के लिए प्रयासरत रहेंगी। इस दौरान बढ़नी एमओआईसी डा0 अविनाश चौधरी, सीडीपीओ रविन्द्र यादव, डा0 पी0के0 वर्मा, हरिराम निषाद, रामदास मौर्य, दुर्गेश पाण्डेय, योगेन्द्र तिवारी, श्यामू गुप्ता, हरगोविन्द मिश्र, दलसिंगार दूबे, प्रदीप कमलापुरी, रेणुका विश्वास, विजय पाण्डेय, विष्णु सिंह, विशाल सिंह आदि मौजूद रहें।




