उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बांटे गये निःशुल्क सिलेण्डर, दिपावली का तोफाः सांसद जगदम्बिका पाल

सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेण्डर प्रदान करने के लिए विशेष कार्यक्रम बुधवार को लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेण्डर वितरित किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सिद्धार्थनगर में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भी दिखाया गया, जिसमें सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उज्ज्वला योजना लागू की गई। इससे पहले महिलाएं लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती थीं, जिससे आंख और फेफड़ों की बीमारियां होती थीं। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान कर इन समस्याओं का समाधान किया गया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया कि दीपावली और होली के त्योहारों पर गरीब परिवारों को दो अतिरिक्त रसोई गैस सिलेण्डर निःशुल्क उपलब्ध कराये जायें। इस योजना से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में हस्तान्तरित की जायेगी। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को धनतेरस और दीपावली पर्व की शुभकामनायें दी। सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं का सम्मान करते हुए उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उनकी स्वास्थ्य और जीवनशैली में सुधार किया गया है। सांसद ने यह भी बताया कि बच्चों के व्यक्तित्व के विकास में माताओं का योगदान महत्वपूर्ण है और महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर तथा आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 5 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही गांवों में पार्क और स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। सांसद ने सभी जनपद वासियों को दीपावली की बधाई दी। वहीं विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करते हुए सभी योजनाओं का लाभ सीधे महिलाओं के नाम से दिया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को आश्वासन दिया कि योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ मिलेगा और सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलम्बन के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। महिलाओं को आवास, शौचालय, गैस सिलेण्डर और अन्य सुविधाओं के माध्यम से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई और दीपावली की शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी डॉ0 राजा गणपति आर0 ने सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष भाजपा और अन्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी जनपदवासियों को दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनायें सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और उज्ज्वला योजना इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष भाजपा, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक और गैस सिलेण्डर वितरित किये। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोविन्द माधव, सांसद प्रतिनिधि एस0पी0 अग्रवाल, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्ति निरीक्षक और अन्य लाभार्थी भी उपस्थित थे। इस प्रकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं और गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेण्डर प्रदान कर उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाने का कार्य सिद्धार्थनगर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




