लोक जन सोशलिस्ट पार्टी में नई ऊर्जा का संचार, युवा जोश अमरदीप बने कार्यवाहक जिलाध्यक्ष

श्रावस्ती। लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा के निर्देश पर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी. विश्वकर्मा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राम बहादुर विश्वकर्मा बहराइच पहुंचे। दोनों नेताओं ने डॉ. त्रिलोकीनाथ विश्वकर्मा के आवास पर समाज के प्रबुद्ध जनों और विभिन्न वर्गों के बिछड़े लोगों से भेंट कर पार्टी की नीतियों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोक जन सोशलिस्ट पार्टी का संकल्प है कृ “हर एक को न्याय, हर एक को अधिकार” और यही पार्टी का प्रथम कर्तव्य है। बैठक के दौरान युवा नेता अमरदीप विश्वकर्मा, निवासी ग्राम सिसई हैदर, बहराइच को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें शीघ्र ही संविधान के अनुसार टीम गठित कर अनुमोदन हेतु भेजने का निर्देश दिया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ प्रधान व जिला पंचायत चुनावों में भी व्यापक रूप से उम्मीदवार उतारेगी और अन्य पार्टियों से गठबंधन की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी 9 नवंबर 2025, रविवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक “सामाजिक न्याय एवं अधिकार महासम्मेलन” आयोजित करने जा रही है। महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर में पार्टी पदाधिकारी जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। लोक जन सोशलिस्ट पार्टी ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया है।




