संजय अध्यक्ष, धनन्जय मंत्री, चन्द्र शेखर कोषाध्यक्ष हुए निर्विरोध निर्वाचित

मिठवल/सिद्धार्थनगर। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा ब्लॉक संसाधन केन्द्र मिठवल के सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन एवं शिक्षा उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अधिवेशन में बतौर चुनाव अधिकारी जगदानन्द झा एवं पर्यवेक्षक रणन्जय मिश्र की देख-रेख में संजय कन्नौजिया अध्यक्ष, धनन्जय मिश्र मंत्री और वेन्कटेश चन्द्रशेखर कोषाध्यक्ष चुने गये। वहीं सर्वसम्मति से मदन चन्द को ब्लॉक इकाई का संरक्षक नामित किया गया। मण्डल अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद ने सभी ब्लॉक स्तरीय नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्लॉक स्त्रीय अधिवेशन एवं शिक्षा उन्नयन संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए जिला महामंत्री कलीमुल्लाह ने कहा कि किसी भी संवर्ग में संघठन, सेवाशर्तों की सुरक्षा, मान सम्मान एवं स्वाभिमान के लिए बहुत आवश्यक होता है। हमें शिक्षक के पदीय दायित्वों के साथ-साथ अपने संवर्ग के सेवाशर्तों, सम्मान, स्वाभिमान और समस्याओं के प्रति भी सजग रहना होगा। संगठन के संघर्षों के बदौलत ही हमें सम्मान जनक वेतनमान और सारी उपलब्धियां मिली हैं। उन्होंने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को संघठन के प्रति आस्था रखने और निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए जिला स्तर से हर संघर्ष में सदैव साथ देने का वादा किया। जिला अध्यक्ष रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि जो भी उपलब्धियां मिली है, संघठन के संघर्षों के बदौलत मिली है। न्यायालय अन्तिम विकल्प होता है, हर समस्या का समाधान न्यायालय नहीं होता है। अन्त में उन्होंने सभी अध्यापकों के शत प्रतिशत उपस्थिति और निर्विरोध रूप से ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन पर सभी शिक्षकों की एकता अखण्डता के लिए बधाई दी और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने शिक्षकों के द्वारा जिस आशा और विश्वास के साथ संगठन का दायित्व सौंपा है, उसे पूरे मनोयोग से पूरा करने का आश्वासन दिया और सभी के धन्यवाद देते हुए कृतज्ञता ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान, विजय बहादुर, वरुणेंदर राय, राम विलास चौधरी, तसनीम जहां, राशिदा खातून, अशोक कुमार द्विवेदी, राम चन्द्र चौधरी, अनीता आर्य, निधि पाण्डेय, जया शुक्ला, विजय लक्ष्मी, दिलीप चौधरी, विनोद चौधरी निधि पाण्डेय, मीरा देवी अमिता मालवीय आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहें।




