गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

तहसीलदार की पत्नी बबिता त्रिपाठी ने तहसील परिसर में किया हंगामा

सिद्धार्थनगर। यूपी के सिद्धार्थनगर जिले की तहसील में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। एक महिला तहसील पहुंची और खुद को तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी की पत्नी बताने लगी। वह तहसीलदार पर उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी। वहीं महिला बबिता त्रिपाठी का आरोप है कि तहसीलदार ने दूसरी शादी कर ली है। इसलिए 2 साल से न तो उसे घर का खर्च दे रहे हैं और न ही बात कर रहे हैं। साथ ही पिटवाने की साजिश रचकर मेरी मुंहबोली बहन पर हमला कराया। अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो डीएम ऑफिस के सामने आत्मदाह कर लूंगी। महिला के हंगामे के दौरान तहसील परिसर में लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामला शांत कराकर जांच कर रही है। वहीं बबिता त्रिपाठी ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर अपने बेटे हर्षित त्रिपाठी और मुंहबोली बहन के साथ तहसील पहुंची थीं। पति से भरण-पोषण और बच्चों की देख-रेख को लेकर बातचीत करनी थी। लेकिन वहां स्थिति अचानक बिगड़ गई। तहसीलदार पति ने अपने अर्दलियों से कमरा बन्द करवाया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें और उनकी बहन से धक्का-मुक्की और मारपीट की। इससे बहन गम्भीर रूप से घायल हो गईं। इस दौरान उनकी बहन की कार का शीशा भी तोड़ दिया गया। महिला ने दावा किया कि यह सब तहसीलदार के इशारे पर किया गया। बबिता त्रिपाठी ने बताया कि साल 2016 में नौकरी लगने के बाद से ही तहसीलदार ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार घर में झगड़े और मारपीट की घटनाएं हुईं। 2024 के बाद उन्हें बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। पति शुरुआत में भरण-पोषण के लिए पैसे भेजते थे। लेकिन पिछले 2 साल से पैसे भेजना भी बन्द कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तहसीलदार ने दूसरी शादी कर ली है। इसी के चलते अब वह न तो बच्चों का खर्च उठा रहे और न ही किसी प्रकार का सम्पर्क बनाये हैं। महिला पत्नी बबिता त्रिपाठी ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत पहले ही सदर थाना पुलिस में कर चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुझे और मेरे बच्चों को न्याय नहीं मिला, तो मैं डीएम ऑफिस के सामने आत्मदाह कर लूंगी। महिला बबिता त्रिपाठी का आरोप है कि पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है और शिकायत को गम्भीरता से नहीं ले रही है। वहीं तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि उनकी पत्नी मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे आयीं थीं। उसके बाद चली गयीं। शाम को सूचना मिली कि वह उनके घर पर भी गईं और उनकी मां से मारपीट करने लगीं। तहसीलदार ने बताया कि जब उनकी पोस्टिंग संभल में थी, तब पत्नी ने ही मां की देख-रेख के लिए एक महिला को रखा था। वहीं तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी की मां ने भी कैमरे के सामने यह बात कही कि बेटे की दूसरी पत्नी है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सदर दुर्गा प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत मिल चुकी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सबूत एकत्र किये जा रहे हैं। पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। डीएम सिद्धार्थनगर डॉ0 राजा गणपति आर0 ने कहा कि यह मामला पारिवारिक झगड़ा लग रहा है। महिला को फैमिली कोर्ट से राहत मिल सकती है। हालांकि अगर दूसरी शादी या उत्पीड़न के आरोपों के ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किये जाते हैं, तो तहसीलदार के खिलाफ विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई की जायेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!