विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का सदर विधायक ने किया शुभारंभ

बलरामपुर। दिनांक 05 अक्टूबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर, बलरामपुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्त क अभियान का शुभारंभ सदर विधायक बलरामपुर पलटू राम द्वारा किया गया। सदर विधायक ने फीता काटकर तथा वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।कार्यक्रम के अवसर पर सदर विधायक ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों के संभावित स्रोतों को समाप्त करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को दस्तक / संचारी शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने संचारी रोगों की रोकथाम हेतु जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक एवं दस्तक अभियान 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा। इस अवधि में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार सर्वे, मच्छर जनित स्रोतों की पहचान, स्वच्छता संबंधी जागरूकता एवं रोग नियंत्रण से संबंधित गतिविधियाँ संचालित करेंगी।इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डीएमओ राजेश पाण्डेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, सिद्धार्थ गुप्ता, राम शंकर सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




