गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

सांस्कृतिक रंगों से सजा टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज में बाल मेला

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। नगर में स्थित टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज प्रांगण में टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल एवं आकर्षक बाल मेले का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। बाल मेले का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली, संरक्षक मोहम्मद मोईन तथा प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से विद्या की अधिष्ठात्री देवी माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बाल मेले में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बच्चों द्वारा स्वयं लगाए गए स्टॉलों पर चाउमीन, मोमो, पिज़्ज़ा, बर्गर, गोलगप्पे, पाव भाजी, केक, बिस्किट, चिप्स, शरबत, जूस सहित अनेक प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए गए। वहीं मनोरंजन के लिए रिंग थ्रो, निशानेबाजी, लकी ड्रा, डार्ट गेम, गेंद फेंक प्रतियोगिता, फन गेम्स आदि का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले के माध्यम से बच्चों ने खरीद-बिक्री की प्रक्रिया को समझते हुए व्यवहारिक ज्ञान अर्जित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, पाक कला प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। बाल मेले के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई, जिसमें नृत्य, गीत, नाटक एवं समूह नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली ने कहा कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और व्यवहारिक ज्ञान का विकास करना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बाल मेला बच्चों के लिए सीखने का एक सशक्त माध्यम है, जहां वे पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ जीवन कौशल भी सीखते हैं। विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। बाल मेले में शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही और सभी ने आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!