02 अक्टूबर 2025 : महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती अवसर पर श्रद्धांजलि

बलरामपुर l दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उन्होंने दोनों महान विभूतियों के योगदान और उनके आदर्शों को याद करते हुए जनपदवासियों को शुभकामना संदेश दिया।
डॉ. रस्तोगी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से विश्व को एक नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी जी का स्वच्छता का संदेश आज “स्वच्छ भारत अभियान” के रूप में हर घर तक पहुँच चुका है, जिसे हमें पूरी निष्ठा से अपनाना चाहिए।साथ ही, उन्होंने भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि उनका दिया हुआ नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी प्रासंगिक है। यह संदेश हमें देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता दोनों के महत्व की याद दिलाता हैlमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे गांधी जी और शास्त्री जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में सत्य, अनुशासन, स्वच्छता और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक इन आदर्शों को आत्मसात करेगा तो एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकेगा।अंत में डॉ. रस्तोगी ने जनपद बलरामपुर के सभी नागरिकों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




