गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबस्ती

पौधरोपण भविष्य की पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार है

बस्ती। भारतीय मजदूर संघ शाखा बस्ती के तत्वावधान में पंच परिवर्तन कार्यक्रम के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के जन्मदिवस 11 सितम्बर को समर्पित रहा। कार्यक्रम का आयोजन अमहट घाट पुराना पुल स्थित पुलिस चौकी के बगल मंदिर परिसर में किया गया। इस दौरान अमरूद, आम, आंवला के पौधों का रोपण किया गया। संरक्षक उमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि यह आयोजन सर संघचालक मोहन भागवत के जन्मदिवस को समर्पित है, जिन्होंने सदैव समाज में संगठन, सेवा और संस्कार का संदेश दिया है। पौधरोपण उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि मानव जीवन और पर्यावरण का गहरा संबंध है। वृक्षों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना संभव नहीं। आज जिस तेजी से पेड़ पौधे कट रहे हैं। उसी अनुपात में जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाएँ बढ़ रही हैं। ऐसे में वृक्षारोपण केवल सेवा ही नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्य है। हम सबको संकल्प लेना चाहिए कि लगाए गए पौधों की देखभाल भी उतनी ही निष्ठा से करेंगे। जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ पंच परिवर्तन कार्यक्रम के माध्यम से समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्यरत है। आज का पौधरोपण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पर्यावरण का संरक्षण हमारे संस्कारों में है। हमें इसे व्यवहार में भी लाना होगा। संगठन मंत्री वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि एक पेड़ केवल छाया ही नहीं देता, बल्कि ऑक्सीजन औषधि और जीवन का आधार भी है। हम सबको मिलकर यह प्रयास करना होगा कि बस्ती जनपद हरियाली की दिशा में मिसाल बने। उपाध्यक्ष अनीता चौधरी ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। घर से लेकर समाज तक, यदि महिलाएँ वृक्षारोपण और उनकी देखभाल का संकल्प लें तो पर्यावरण की बड़ी समस्याएँ हल हो सकती हैं। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष निरंकुश शुक्ला ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ केवल श्रमिक हितों की लड़ाई ही नहीं लड़ता, बल्कि सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य भी करता है। पौधरोपण भविष्य की पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार है। कार्यक्रम में पंडित निर्दाेष शर्मा, विक्रम प्रताप सिंह, अवनीश श्रीवास्तव, संजय मणि त्रिपाठी, राघवेंद्र सिंह, अजय तिवारी सहित अन्य उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!