धार्मिक सभा में लगा धर्मांतरण का आरोप

उसका बाजार। उसका बाजार थानाक्षेत्र के एक गांव में चल रही धार्मिक सभा में धर्मान्तरण का आरोप लगाते हुए रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। जांच कर कार्रवाई के आश्वासन पर बजरंग दल कार्यकर्ता और धर्म विशेष के लोग वापस चले गए। जानकारी के अनुसार एक धर्म विशेष के मानने वाले लोग प्रत्येक रविवार को अपनी धार्मिक मान्यता के अनुसार प्रार्थना कर रहे थे।इसकी जानकारी जैसे ही बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं को हुई तो वहां पहुंच गए। इनका आरोप हैं कि कई दिनों से यहां सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। साथ ही हिन्दू देवी देवताओं पर अशोभनीय टिप्पणियां भी की जा रही हैं। इसको लेकर जमकर नारेबाजी करते कार्यकर्ता धार्मिक स्थल पर पहुंच गए। बहरहाल कुछ देर हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी के लिए दोनों पक्ष के कुछ लोगों को साथ ले आई।इस संबंध में प्रभारी एसओ जयप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले को शांत कराया,इस मामले में पुलिस पूरी तरह से सतर्क है।दोनों पक्षों को किसी भी तरह का अविधिक कार्य नही करने की हिदायत दी गई है।



