धार्मिक त्योहारों के मद्देनजर पयागपुर तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी पयागपुर के नेतृत्व में हुई महत्वपूर्ण बैठक
दैनिक बुद्ध का सन्देश
पयागपुर/ बहराइच। धार्मिक त्योहारों के दृष्टिगत आज तहसील सभागार पयागपुर में क्षेत्र के सभी डीजे संचालक, दुर्गा पूजा समिति आयोजक, मूर्ति निर्माण कर्ता सहित अन्य लोगों के साथ बैठक की गई। बैठक के दौरान शासन के द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए उप जिलाधिकारी पयागपुर द्वारा बैठक में आए हुए सभी लोगों को बताया गया कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अशांति का माहौल न बनने पाए तथा किसी भी प्रकार की कोई हिंसा ना हो। इसके मद्देनजर दुर्गा की मूर्ति के साइज को लेकर भी बैठक के दौरान उप जिला अधिकारी पयागपुर द्वारा बताया गया कि मूर्ति की साइज 5 फुट से ऊपर नहीं होनी चाहिए। डीजे संचालकों को भी निर्देश दिया गया कि डीजे के ध्वनि की प्रबलता शासन के द्वारा दिए गए गाइडलाइन के अनुसार ही होनी चाहिए। डीजे की ऊंचाई भी कम होनी चाहिए तथा फूहड़ता वाले गाने नहीं बजना चाहिए अगर इसका उल्लंघन करता हुआ कोई पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तत्पश्चात क्षेत्राधिकारी पयागपुर राज सिंह ने बताया कि त्योहार सभी लोग शांतिपूर्वक तरीके से मनाएं , किसी भी प्रकार की कोई भी अशांति या उपद्रव न होने पाए एवं नवरात्र के दौरान सभी प्रकार की मीट की दुकानें बंद रहेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन उड़ने को लेकर एवं चोरी की अफवाहों को लेकर भी बताया कि ऐसा कोई अभी तक पुख्ता सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि कहीं पर ड्रोन उड़ता हुआ पाया गया हो और अगर अफवाहें फैलायी जाएगी किसी के द्वारा तो उसकी जांच करवा कर उन लोगों के ऊपर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिससे और लोग सबक ले सकें। थाना अध्यक्ष विशेश्वरगंज द्वारा मूर्ति विसर्जन के रास्ते को लेकर जिसमें गंगवल बाजार से लेकर झुलाघाट तक साफ सफाई करवाने तथा रास्ता जहां पर गड्ढा है उसको पटवाने के लिए भी आवाज उठाई गई , वही मूर्ति विसर्जन भूपगंज बाजार कोट बाजार पयागपुर बस अड्डा से होकर तालाब बघेल तक जो रास्ता जाता है उसकी भी साफ सफाई करवाई जाए। हुजूरपुर के भैंसहा गांव में रास्ते में नादा रखने की भी शिकायत आई जिसको एसडीएम ने नोट करवा कर समस्या का जल्द निदान करवाने के लिए कहा। बैठक के दौरान चारों थाना अध्यक्ष जिसमें विशेश्वरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडे पयागपुर, थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार राय, गंगवल चौकी इंचार्ज रमेश गौतम, एडीओ पंचायत पयागपुर/विशेश्वरगंज टीएन राव, खंड विकास अधिकारी पयागपुर /विशेश्वरगंज अजय प्रताप सिंह सहित तमाम विभाग के अधिकारी व कर्मचारी एवं क्षेत्र के संभ्रांत गण , दुर्गा पूजा आयोजन समिति के आयोजक डीजे संचालक मौजूद रहे।





