पयागपुर में चोरों का आतंक बदस्तूर जारी: चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही

पयागपुर/बहराइच। चोरों का आतंक थमने का नाम पयागपुर थाना क्षेत्र में नहीं ले रहा है। लोगों के रात भर जागने और पहरा लगाने के बीच चोर चोरी करने में सफल हो रहे हैं। पुलिस का कोई भी डर चोरों में अब नहीं रह गया है मौका पाते ही चोर घरों में लूटपाट कर देते हैं। मिली जानकारी अनुसार आज पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सचौली गांव में सोमवार दोपहर बेखौफ नकाबपोश चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चार बदमाश राम कुमार के घर में घुसे और दिनदहाड़े करीब 18 हजार रुपये नकद व 7 हजार रुपये के जेवर चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय घर की महिला अपने बच्चे के साथ पीछे के हिस्से में गई हुई थी। लौटकर आने पर उसने तुरंत पति को सूचना दी। गांव में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीण दहशत में हैं, दिन दहाड़े चोरों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। जब इसकी सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दिया तो पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच करनी शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।




