खुले बाजार में बिक रहा है मिड डे मील का राशन

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। जनपद में शिक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर गहरा सवाल खडा करने वाला मामला आज भी ठण्डे बस्ते में है। सदर विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय धुसूरी में बच्चों का मध्यान्ह भोजन का राशन खुलेआम बाजार में बिकता हुआ वीडियो पिछले वर्ष वायरल हुआ था। वीडियो में विद्यालय का राशन एक ई-रिक्शा से गल्ला दुकान पर उतारते हुए साफ दिखाई देता है। यही नहीं, वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक और जिम्मेदार चेहरे भी इस खेल में संलिप्त नजर आते हैं। उस वक्त यह वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई थी। जनता को उम्मीद थी कि कठोर कार्रवाई होगी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि पूरा एक साल बीत जाने के बाद भी न तो किसी शिक्षक को निलम्बित किया गया और न ही किसी अधिकारी पर गाज गिरी। जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर डॉ0 राजा गणपति आर0 की ईमानदारी और कडाई की चर्चा पूरे प्रदेश में होती है। लेकिन इस मामले में सवाल उठ रहा है कि उनकी मौजूदगी में भी क्यों अब तक भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा नहीं कसा गया? आखिर किसके दबाव में शिक्षा विभाग इस फाइल को दबाकर बैठा है? ग्रामीणों का आरोप है कि यह सिर्फ घोटाला नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड है। एक ओर मासूम बच्चों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल पाता और दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी उनके हिस्से का राशन बाजार में बेचकर अपनी जेबें भर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जायें।




