चोरी की अफवाहों के बीच पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने की चौकीदारी

डुमरियागंज,सिद्धार्थनगर।क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं की अफवाहों ने ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना दिया है। हालात यह हैं कि लोग रात में लाठी-डंडा लेकर पहरा दे रहे हैं। इसी बीच कुछ अराजक तत्व बेवजह निर्दाेष लोगों को चोर बताकर मारपीट भी करने लगे, जिसके चलते कई मामलों में मुकदमा दर्ज हुआ है।इसी स्थिति को देखते हुए शनिवार की देर रात पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के बयारा, भड़रिया, बिथरिया, मन्निजोत, बजरंगी चौक सहित करीब दो दर्जन गांवों और प्रमुख चौराहों का दौरा कर चौकीदारी की। उन्होंने रात में पहरा दे रहे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग सतर्क रहें, लेकिन अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही फैलाएँ।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन के दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस, थाना, चौकी अथवा 112 नंबर पर सूचना दें। किसी भी हालत में मारपीट न करें और कानून अपने हाथ में न लें।पूर्व विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग जनता को गुमराह कर सरकार और प्रशासन को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लग रहा है कि न तो 2027 और न ही 2047 में वे सत्ता में लौट पाएंगे, इसलिए योजनाबद्ध तरीके से इस तरह के अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, राजन अग्रहरि, प्रेम पाण्डेय, धर्मेश पाण्डेय, बब्बू पाठक आदि मौजूद रहे।




