दोस्तों ने ही की आकाश की निर्मम हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
खेसरहा पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने दो हत्यारोपितों को किया गिरफ्तार, आला-क़त्ल और सोने की चेन बरामद।

सिद्धार्थनगर।थाना क्षेत्र खेसरहा के ग्राम बेलउख में हुई नवयुवक आकाश गुप्ता की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आला-क़त्ल (प्लास व पेचकस) और मृतक की सोने की चेन बरामद कर ली। सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन ने ₹15,000 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। 12 सितम्बर की अपरान्ह ग्राम बेलउख स्थित विशम्भर राय के बगीचे में युवक आकाश गुप्ता पुत्र लालमन गुप्ता निवासी बनुहिया बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था। मृतक के भाई राहुल गुप्ता की तहरीर पर थाना खेसरहा में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। एएसपी प्रशांउत कुमार प्रसाद व सीओ बांसी मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनुप कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रॉनिक व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच शुरू की। टीम ने शैलेश यादव निवासी पचमोहनी को 13 सितम्बर को और निखिल राय निवासी बनुहिया को 14 सितम्बर को गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया। हत्या की वजह पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मृतक आकाश गुप्ता उनसे पुराना परिचित था और मुम्बई में साथ काम भी कर चुका था। आकाश ने शैलेश से 12 हजार रुपये उधार लिए थे, जो वह लौटा नहीं रहा था। इसी रंजिश में दोनों ने आकाश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 12 सितम्बर को दोनों ने आकाश को नशा पिलाकर शैलेश की लाल मोटरसाइकिल से बगीचे में ले जाकर प्लास व पेचकस से उसकी हत्या कर दी और उसके गले की सोने की चेन लूट ली। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त प्लास व पेचकस और मृतक की सोने की चेन बरामद की। मृतक का टूटा मोबाइल भी घटनास्थल से मिला है, जिसका डेटा रिकवर कराया जा रहा है। पुलिस को सन्देह है कि इस मामले में एक प्रेम प्रसंग की कड़ी भी जुड़ी हो सकती है।वहीं गिरफ्तार आरोपित निखिल राय पुत्र भोलानाथ राय, निवासी बनुहिया, थाना खेसरहा, शैलेश यादव पुत्र गिरीश यादव, निवासी पचमोहनी हैं। इस दौरान थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी, प्रभारी सर्विलांस हरेन्द्र चौहान, उप निरीक्षक राघवेन्द्र प्रताप यादव सहित एसओजी व थाना खेसरहा की पूरी टीम शामिल रही।




