गुमशुदा लड़की को लेने गई पुलिस पर हमला, स्थानीय लोगों ने चोर समझकर गाड़ी तोड़ी
महिला सिपाही और परिजन थे गाड़ी में सवार।

बांसी/सिद्धार्थनगर।जिले के नगर पालिका परिषद बांसी में एक अजीब घटना सामने आयी है। आपको बता दें कि सन्तकबीर नगर की धर्मसिंहवा थाना पुलिस और एक गुमशुदा लड़की के परिजन जब उसे लेने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें चोर समझ लिया। घटना शनिवार की रात 11.30 बजे की है। नगर पालिका कार्यालय के पास अकबर नगर में स्थानीय लोगों ने गाड़ी को रोक लिया। लोगों ने लाठी-डण्डों से गाड़ी पर हमला कर दिया। गाड़ी में सवार महिला सिपाही और लड़की के परिजन लगातार स्थिति समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ ने एक न सुनी और गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। दरअसल धर्मसिंहवा थाने में एक लड़की की गुमशुदगी दर्ज थी। लड़की ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि वह बांसी में है। किराये के पैसे न होने के कारण वह घर नहीं लौट पा रही थी। इस पर लड़की का पिता, भाई और धर्मसिंहवा थाने की महिला सिपाही उसे लेने पहुंचे थे। महिला सिपाही ने तुरन्त बांसी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियन्त्रित किया। गाड़ी में बैठे लोगों की पहचान कराने के बाद मामला शान्त हुआ। क्षेत्राधिकारी बांसी मयंक द्विवेदी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।




