दो दोस्तों ने पत्थर से कूचकर युवक को मार डाला, दो युवक नामजद

खेसरहा/सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र खेसरहा अन्तर्गत छोटा बेलउख गांव के बाग में शुक्रवार शाम दो दोस्तों ने पत्थर से कूचकर युवक की हत्या कर दी। युवक का शव घर से एक किमी दूर बाग में खून से लथपथ मिला। शव के आस-पास खून के छींटे बिखरे हुए थे। किशोर के गले से सोने की चेन भी गायब थी। बाग में मवेशी चरा रहे लोगों ने शव देखकर पुलिस की सूचना दी। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़क जाम कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। मामला खेसरहा थाना क्षेत्र के छोटा बेलउख गांव की है। आपको बता दें कि शुक्रवार करीब तीन बजे कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे। तभी बाग में एक किशोर का खून से लथपथ शव दिखाई दिया। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल की। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान आकाश गुप्ता पुत्र लालमन गुप्ता के रूप में किया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि आकाश दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था। कुछ ही घन्टों बाद उसकी हत्या की खबर मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आकाश के गले में सोने की चेन थी, जो घटना के बाद गायब मिली। परिवार ने पंचमोहनी निवासी शैलेश यादव और ढूंढनी निवासी सोनू गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शैलेश और सोनू दोनों आकाश के काफी करीबी दोस्त थे। तीनों अक्सर साथ घूमते-फिरते और पार्टी करते थे। यहां तक कि तीनों एक ही स्कूल, विकास इन्टर कॉलेज बेलौहा में पढ़ाई कर रहे थे। आकाश 12वीं का छात्र था। उसके छोटे भाई का नाम विकास है। परिवार में माता-पिता, दादा और भाई सहित पूरा संयुक्त परिवार रहता है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आकाश को शैलेश और सोनू के साथ बेलऊख बगीचे की ओर जाते देखा गया था। संयोग से उसी बगीचे में कुछ घन्टे बाद आकाश का शव खून से लथपथ बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, सीओ मयंक द्विवेदी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुई हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव हटाये जाने के बाद बेलौहा-सेमरा मार्ग को छपवा में जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घन्टे तक जाम लगा रहा। जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को समझा- बुझाकर रास्ता खुलवाया। वहीं स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पथरा, बांसी, गोल्हौरा, मिश्रौलिया, जोगिया डिडई सहित कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई। वहीं थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। जिसका शव बाग से बरामद किया गया। परिजनों के आरोप के आधार पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी मामले की जांच की जा रही है। हत्या के आरोपी अभी फरार हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।




