नेपाल जेल का फरार कैदी एसएसबी ने पकड़ कर नेपाल पुलिस को सौंपा

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। नेपाल की जेल से भागा एक कैदी दवा खरीदने के लिए जैसे ही भारत-नेपाल सीमा पर पहुंचा, उसे 50वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी बढ़नी के जवानों ने पकड़ लिया। सुरक्षाबलों ने जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद फरार कैदी को वापस नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को एसएसबी के जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत की तरफ आते हुए एक युवक संदिग्ध लगा। जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम 23 बर्षीय सिकन्दर चौहान बताया, जो कि नेपाल के झण्डेनगर, कृष्णानगर का रहने वाला है। पूछताछ में सिकन्दर ने स्वीकार किया कि वह नेपाल की जिला जेल तौलिहवा में कोडिन की तस्करी के आरोप में तीन साल की सजा काट रहा था। उसने बताया कि आज ही वह जेल से भागा और अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण दवा खरीदने के लिए भारत आया था। जांच-पड़ताल के दौरान उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र भी मिला। इसके बाद एसएसबी ने फरार कैदी सिकन्दर चौहान को सुरक्षित रूप से नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया।




