ग्राम पंचायत बरैनिया में विधायक ने 110 कृषकों को वितरित किया राहत धनराशि

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़़ के ग्राम पंचायत बरैनिया के पंचायत भवन में शुक्रवार को विधायक शोहरतगढ़़ विनय वर्मा ने ग्राम नकाही व बरैनिया के कुल 110 कृषकों के बीच जाकर उन्हें राहत राशि प्रदान किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि विनायक विनय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकाण्ड दुर्घटना सहायता योजना के अन्तर्गत आज गांव में ही अग्निकाण्ड से प्रभावित किसानों को चेक वितरण किया गया है। यह सहायता उस नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती जो उन्हें हुआ है, लेकिन यह एक संकल्प है कि हम संकट की घड़ी में अपने अन्नदाताओं के साथ खड़े हैं। यह उनके आत्मबल को मजबूत करने का प्रयास है। आगे उन्होंने यह भी कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास यही हमारा मूल मंत्र है। बिना जाति-धर्म देखे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने हर किसान को समान रूप से सम्मान और सहायता प्रदान की है। यहां जातिवाद की नहीं, जमात (जनता) की राजनीति होती है। जहां सब हमारे लिए समान हैं। इस दौरान एसडीएम राहुल सिंह, मण्डी समिति सचिव रामजी यादव आदि मौजूद रहें।




