मोहम्मदपुर में नालियां और सड़कों पर गन्दगी का अम्बार

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड भनवापुर की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर में साफ-सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। सड़कों पर पानी जमा है। नालियां गन्दगी से भरी हुई हैं। ग्राम प्रधान जमील अहमद ने बताया कि सफाई कर्मचारी सप्ताह में केवल एक दिन गांव आते हैं। सरकार ने हर ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी नियुक्त किए हैं। लेकिन उनकी अनियमित उपस्थिति से गांव की सफाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी रामनिवास, कुसुम, अंश, प्रभुनाथ, अब्दुल्ला और रामकिशोर ने अपनी परेशानी बतायीं। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति से ग्राम पंचायत में सफाई का काम रुका हुआ है। गन्दगी के कारण लोगों को चलने में दिक्कत हो रही है। एडीओ पंचायत भनवापुर बृजेश गुप्ता ने मामले को गम्भीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही ग्राम पंचायत का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद उचित कार्रवाई की जायेगी। सरकार की कोशिशों के बावजूद गांव की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है।



