सात माह पूर्व बनाई गई इन्टरलॉकिंग सड़क पहली ही बारिश में पूरी तरह से हो गई ध्वस्त

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत डुमरियागंज के वार्ड नं0-011 (इंदिरा नगर) में नगर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आयीं है। यहां महज 6-7 महीने पहले बनाई गई इन्टरलॉकिंग सड़क पहली ही बारिश में पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। जगह-जगह ईंटें उखड़ गई हैं और सड़क कई हिस्सों में धंस चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई थी। घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की कोई जांच नहीं की गई। अधिकारियों ने बिना निरीक्षण के ही कार्य को पूरा मान लिया और ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि पहली ही बरसात में करोड़ों की योजनाएं पानी में बह गईं। वार्ड के लोगों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि खुला भ्रष्टाचार है। टैक्स के पैसों से बनाई गई सड़क इतनी जल्दी कैसे खराब हो सकती है? जनता जवाब चाहती है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन अब तक चुप्पी साधे बैठा है। क्षेत्रीय लोगों ने नगर पंचायत से सवाल किया है कि इस खराब निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार अफसरों और ठेकेदार पर कार्रवाई कब होगी? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो लोग आन्दोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि नगर पंचायत इस भ्रष्टाचार और लापरवाही पर क्या कदम उठाती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में ही दबा रह जायेगा। फिलहाल इंदिरा नगर वार्ड के लोग जवाब और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।



