भाजपा संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष माधव बाबू की जयन्ती पर बांसी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

बांसी/सिद्धार्थनगर। भाजपा के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष एवं डुमरियागंज लोकसभा के पूर्व सांसद स्व0 श्री माधव प्रसाद त्रिपाठी (माधव बाबू) की जयन्ती शुक्रवार को बांसी स्थित माधव बाबू पार्क में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और उनके संघर्षपूर्ण राजनैतिक जीवन एवं समाज सेवा को याद किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व विधायक एवं प्रदेश के पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि माधव बाबू भारतीय जनता पार्टी के विचारों और संगठनात्मक ढांचे की मजबूत नींव रखने वाले नेताओं में रहे हैं। उनका जीवन हमें समाज और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारीगण मनोज यादव, अनुपमा सिंह दूबे, मंगल चौरसिया, जितेन्द्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वहीं युवा समाजसेवी अमय पाण्डेय ने कहा कि माधव बाबू देश की राजनीति में एक आदर्श पुरुष रहे हैं। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज उठाई। उनके जीवन से युवाओं को यह सीख मिलती है कि समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा से ही समाज व राष्ट्र निर्माण सम्भव है। सभी ने एक स्वर से संकल्प लिया कि माधव बाबू के आदर्शों और उनके त्याग व समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जायेगा। जयन्ती कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर में श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लोगों ने कहा कि माधव बाबू का जीवन और विचारधारा आने वाली पीढ़ियों के लिए पथप्रदर्शक रहेगी।




