पुलिस के सामने भीड़ ने किया युवक की खूब पिटाई

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में स्थित बैदौलागढ़ गांव में गुरुवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है। यहां सैकड़ों ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध मानकर पकड़ लिया। पुलिस की मौजूदगी में ही भीड़ ने उसकी खूब पिटाई कर दी। युवक सन्तकबीरनगर जिले के मगहर का रहने वाला है। उसने बताया कि वह त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में पेंटिंग का काम करने आया था। शराब की दुकान से निकलने के बाद जब वह बैदौलागढ़ पहुंचा, तब ग्रामीणों को उस पर शक हुआ। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग वहां जमा हो गये। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भीड़ को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी एक न चली। युवक लगातार रहम की गुहार लगाता रहा। फिर भी भीड़ का गुस्सा शान्त नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को भीड़ से छुड़ाने में सफल रही। उसे थाने ले जाया गया। पुलिस ने युवक से जुड़े ठेकेदार को भी बुलाया है। अभी तक युवक के खिलाफ किसी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। यह घटना जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस की मौजूदगी में भी भीड़ बेलगाम हो गई। इससे आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिन्ता बढ़ गई है।




