बीइओ ने भरौली विद्यालय में चल रहे समर कैम्प का किया निरीक्षण

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र बढ़नी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भरौली में चल रहे समर कैम्प का औचक निरीक्षण खण्ड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने किया। निरीक्षण के समय बच्चों के बीच करायी जा रही गतिविधियों को देख आवश्यक दिशा निर्देश व सुझाव भी बीइओ ने दिया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानध्यापक रिजवान अहमद को निर्देश दिया कि गाइडलाइन के अनुसार नियमित समर कैम्प का सुचारू रूप संचालन करें। उन्होंने बच्चों के बीच खेल में हिस्सा लिया और रोचक कहानियों को सुनाकर उत्साहवर्धन किया। समर कैम्प में शामिल बच्चों के बीच बीइओ ने अपने हाथों से चिक्की, बिस्किट आदि का वितरण किया। अनुदेशक ओम प्रकाश ने बताया कि समर कैम्प के बच्चों को योग, प्राणायाम के प्रति रुचि बढ़ रही है और वे नित्य योगाभ्यास भी करते हैं। चित्रकला, पोस्टर, क्राफ्ट, रंगोली, इनडोर गेम के अलावा विद्यालय में चल रहे समर कैम्प के जरिये जीवन कौशल, पर्यावरणीय व विज्ञान की विभिन्न गतिविधियों के भी कराये जाने की बात कही। बीइओ ने बच्चों द्वारा बनाये गये पोस्टर, चार्ट, खिलौनों को भी देखकर सराहना किया।




