गोली, फरसा, गाड़ी से कुचलने को लेकर दबंगों ने किया हमला, जिन्दा जलाने की धमकी

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ के पकड़ी बाजार के समीप रविवार की रात सनसनीखेज वारदात हुई। धनगढ़िया निवासी अतुल कुमार पाण्डेय अपने साथी विक्की के साथ किसी काम से पकड़ी चौराहे पर गया था। घर से डेढ़ किलोमीटर दूर ही दोनों बात-चीत कर रहे थे कि अचानक घात लगाये दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना के दौरान रंजीत नाम का शख्स आया और उसके दोस्त विक्की को गोली मारने की कोशिश की। किस्मत से गोली नहीं लगी। इसके बाद रंजीत ने विक्की की बाइक पर चार पहिया वाहन चढ़ा दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विक्की लगभग दस फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा और गम्भीर रूप से घायल हो गया। अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि वह भागकर खेत की ओर जाने लगा लेकिन रंजीत, शीलू और 4-5 अन्य लोगों ने घेर लिया। सभी ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर फरसा से वार किया और पैर की उंगलियां काट दीं। वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक शख्स कहता सुनाई देता है-ष्तेल लो, इसको फूंक देते हैं।ष् वीडियो में अतुल कुमार पाण्डेय खून से लथपथ जमीन पर तड़पता दिख रहा है जबकि आस-पास के लोग तमाशबीन बने रहे। पीड़ित अतुल कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे पकड़ी बाजार निवासी अनिल चौधरी का हाथ है। उसके मुताबिक अनिल से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है और पहले भी हमला कर चुका है। रविवार रात का पूरा हमला उसी की साजिश थी, जिसे रंजीत, शीलू और बाकी लोग अंजाम देने आये थे। खूनी वारदात के बाद पकड़ी बाजार और आस-पास के गांवों में दहशत है। लोग हैरान हैं कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में फरसा, गोली और चार पहिया वाहन का इस्तेमाल कर सरेआम हमला किया गया, लेकिन अपराधियों को रोकने वाला कोई नहीं था। वहीं सवाल यह उठ रहे हैं कि अपराधियों का हौसला इतना बुलन्द कैसे हुआ। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। अतुल कुमार पाण्डेय ने कहा कि हमला किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। गोली चली, फरसा चला, गाड़ी से कुचलने की कोशिश हुई और जिन्दा जलाने की धमकी दी गई। उसने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को कड़ी सजा दी जायें, ताकि आगे किसी के साथ ऐसा न हो।




