व्रती महिलाओं ने सती माता मंदिर में किया पूजा अर्चना

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत परसोहिया नानकार के टोला कोमर में बानगंगा नदी के तट पर स्थित सती माता मंदिर पर में महिलाओं ने अनन्त चतुर्दशी के अवसर पर बेहद श्रद्धापूर्वक पूजन वन्दन किया। कोमर में स्थित सती माता मंदिर में परम्परागत ढंग से अनन्त चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने वत रखा और विविध प्रकार से पूजन किया। इस दिन अनन्त भगवान की पूजा करके संकटों से रक्षा करने वाला अनन्त सूत्र बांधे जाने की परम्परा है। मान्यताओं के दृष्टिगत गांव की महिलाएं इस पावन पर्व पर व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करती हैं। मंदिर पर जुटी अनीता रावत, सौम्या वर्मा और कीर्ति वर्मा सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि अनन्त भगवान विष्णु का ही एक नाम है। इस दिन विशेष रूप से 14 गांठों वाला रक्षा सूत्र बांधा जाता है। विश्वास है कि यह सूत्र सभी प्रकार की बाधाओं से रक्षा करता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार जब पाण्डव द्यूत क्रीड़ा में अपना राज्य हार कर वनवास भोग रहे थे, तब भगवान कृष्ण ने उन्हें अनन्त चतुर्दशी का व्रत करने का सुझाव दिया था। इस व्रत के प्रभाव से पाण्डव अपने सभी पापों से मुक्त हो गये थे। तभी से यह परम्परा निरन्तर चली आ रही है। इस दौरान महेन्द्र चौरसिया, योगेन्द्र यादव, अरुण कुमार, राजू, श्रीराम चौहान, आर्यन व पुजारी साहब बाबा आदि लोग मौजूद रहें।



