महराजगंज: रेलवे स्टेशन निर्माण का शुभारंभ
भूमि पूजन और ड्रोन सर्वे के साथ जनपद वासियों का सपना साकार होने की राह पर

महराजगंज। जिले के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नई रेलवे लाइन परियोजना अब धरातल पर उतरने लगी है। शुक्रवार को एलसी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की टीम ने जिले में पहुँचकर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। मुहवा गाँव स्थित भूमि पर प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित गुप्ता के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इसी के साथ स्टेशन निर्माण का पहला अध्याय शुरू हो गया है। इस बावत गुप्ता ने बताया कि शनिवार से ड्रोन तकनीक की मदद से स्टेशन की चौहदी की नापाई शुरू की जाएगी। इसके बाद प्लेटफ़ॉर्म, यात्री सुविधाएँ, ट्रैक से जुड़ी संरचनाओं और अन्य विकास कार्यों को गति दी जाएगी। रेलवे द्वारा अधिग्रहित भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। जगह-जगह नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं और ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी कराई जा रही है, ताकि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित हो चुकी है, वे समय रहते अपनी फसल और पेड़ हटा सकें। स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उनका कहना है कि यह स्टेशन जिले के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। अब तक यात्रियों को पड़ोसी जिलों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन नया स्टेशन बनने से जिले को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। भूमि पूजन और ड्रोन सर्वे के साथ महराजगंज में रेलवे स्टेशन निर्माण का सपना अब हकीकत बनने की राह पर है।




