चोरों के दहशत सहित ड्रोन से रेकी की आशंका में ग्रामीण कर रहे रतजगा

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। ड्रोन से रेकी और लगातार होने वाली चोरी की वारदात से लोगों में दहशत है। रात के 9 बजे से ही ड्रोन और चोरी का शोर शुरू हो जा रहा है। गुरुवार रात सीमावर्ती इलाके मोहाना, कपिलवस्तु और शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में ड्रोन के उड़ने को लेकर लोग दहशत में रहे। एक-दूसरे को कॉल करके और सोशल मीडिया पर जानकारी देते रहे। जिले में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात हलचल रही। कुछ स्थानों से ही ड्रोन के उड़ने की सूचनाएं मिली। वहीं चोरी के डर से कई स्थानों पर लोक लाठी डण्डा लेकर गांव की रखवाली करते हुए नजर आयें। पुलिस ने भी भ्रमण तेज कर दिया है और प्रयास कर रही है कि हर सूचना स्थल पर पहुंच सकें। ड्रोन अधिनियम के तहत शिवनगर डिड़ई थाना में गुरुवार को एक केस भी दर्ज हुआ था। वहीं ढेबरुआ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों ने ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। बीते दिनों कई घरों में हुई बेखौफ चोरियों के बाद अब लोग रात भर जागने और पहरेदारी करने को मजबूर हैं। उनका मानना है कि चोर काफी शातिर हैं और वे ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल कर घरों की रेकी कर रहे हैं, जिससे उनका डर और भी बढ़ गया है। इस सम्बन्ध में एएसपी प्रशान्त कुमार प्रसाद ने कहा कि चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस सतर्क है। रात्रि में गश्त किया जा रहा है। हर संदिग्ध की चेकिंग की जा रही है। साथ ही जो भी सूचना आ रही है, पुलिस मौके पर जाकर जांच कर रही है।



