जनता दर्शन में आई शिकायतों को पारदर्शी ढंग से निस्तारित कराएं अधिकारीगण जिलाधिकारी

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने प्रतिदिन की तरह सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी को कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो विभिन्न विभागों से संबंधित थीं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल और पारदर्शी निस्तारण किया जाए तथा निस्तारण की रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित किया जाए ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करें और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।




