स्टेशन रोड पर बन रहे नाला निर्माण को लेकर लोगों में आक्रोश

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन बढ़नी रोड पर बन रहे नाले की बेढंगी खुदाई को लेकर लोगों में बहुत आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खुदाई को सावधानी से किया जाय साथ ही पुरानी दिवाल के जगह पर ही नई दिवाल बनाई जायें। नगर पंचायत द्वारा कस्बे के मुख्य व व्यस्ततम (रेलवे स्टेशन) मार्ग पर नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, जिससे नागरिकों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इन सबसे इतर अब नाला खुदाई को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्टेशन के ठीक सामने हुए नाला खुदाई में लोगों के नींव तक खुदाई कर दी गई है, जिससे पुराने बने मकान के हिल जाने की आशंका है, जिससे प्रभावित लोग क्षुब्ध हैं। लोगों का यह भी कहना है कि नाले के पुराने दिवाल वाले स्थान पर ही नई दिवाल खड़ी की जानी चाहिए, किन्तु 6 इंच से लेकर करीब फुट तक उत्तर तरफ दबाकर नाला बनाए जाने की कोशिश ठेकेदार व मिस्त्री आदि द्वारा की जा रही है। नागरिकों ने उक्त निर्माण को ज्यादती बताते हुए तत्काल सुधार लायें जाने की मांग सम्बन्धित निकाय से की है। लोगों ने बताया कि रेलवे हद में बन रहे नाले से सुविधा मिलेगी लेकिन जेसीबी से रेलवे हद की शिनाख्त हेतु लगे खम्भे को भी नोचकर गायब कर दिया गया है। सरदार रिप्पू ने बताया कि उनके घर के बाहर रेलवे का पिलर था, जिसे जेसीबी से खोदकर हटा दिया गया है। रात्रि में नशे में रहे जेसीबी चालक ने उनके दुकान का शटर भी नोच दिया है, इसकी भरपाई की जानी चाहिए। उन्होंने पिलर गायब होने की सूचना आरपीएफ, पुलिस तथा आईओडब्लू को भी देते हुए समुचित कार्यवाही की मांग की है। वार्ड निवासी मोहन भारती, दुर्गेश कमलापुरी आदि ने कहा कि जब नाली की चौड़ाई वही है, तो निर्माण पुराने दिवाल पर ही किया जाना चाहिए। इस पर नगर पंचायत, रेलवे एवं अन्य निकाय को तत्काल ध्यान देना चाहिए।




